क्षय रोग के प्रति बेहतरीन काम करने वाले राज्यों में आंध्र प्रदेश और गुजरात के साथ हिमाचल प्रदेश को भी चयनित किया गया है। प्रदेश के तीन जिलों को सरकार द्वारा चलाए जा रहे क्षय रोग कार्यक्रम के तहत चुना गया है। इन तीन जिलों में से हमीरपुर को दूसरा, सिरमौर को चौथा और ऊना को 10 वां स्थान मिला है वहीं चंबा जिले को एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट चुना गया है। एसीएस आर डी धीमान ने राज्य और जिलों को बेहतरीन कार्य के लिए बधाई दी है। उन्होंने सभी जिलों को भविष्य में और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आर.डी.धीमान ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं जिला क्षय रोग कार्यक्रम अधिकारियों के साथ विडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की और भारत सरकार द्वारा निर्धारित 9 मापदण्डों पर प्रदेश के कार्य के बारे में जानकारी सांझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9 में से 6 मापदण्डों पर देशभर में सर्वश्रेष्ठ कार्य किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को अन्य 3 मापदण्डों पर भी बेहतरीन कार्य करने के लिए प्रेरित किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में आशा कार्यकर्ता हर रविवार को अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर क्षय रोग के संभावित व्यक्तियों का पता लगाएगी एवं 2021 दिसंबर तक क्षय रोग उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के समय में हमें दूसरी सभी बीमारियों से भी प्रदेश की जनता को बचाना है एवं आवश्यक इलाज उपलब्ध करवाना है, ताकि प्रदेश की जनता पूरी तरह से स्वस्थ रह सके।