
नाहन:सिरमौर जिला से ताल्लुक रखने वाले शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप को आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा हिमाचल भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद उनके नाहन स्थित निवास स्थान पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सुरेश कश्यप ने पिछले 1 साल में दूसरी मर्तबा राजनीतिक ऊंचाई की तरफ कदम बढ़ाए हैं। पहले पार्टी ने उन्हें विधायक से सांसद के तौर प्रमोट किया। इसके बाद अब उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नाहन में अध्यक्ष पद मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए हिमाचल भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भाजपा हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी दायित्व सौंपा है, वह उसका बखूबी निर्वहन करने का पूरा प्रयास करेंगे। कश्यप ने कहा कि छोटे से छोटा कार्यकर्ता किसी भी बडे पद पर पहुंच सकता है और ऐसा केवल भाजपा में ही संभव हो सकता है। कश्यप ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि पार्टी को ओर अधिक मजबूती प्रदान करें। साथ ही आगामी पंचायतीराज चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरे प्रयास करेंगे।