
पांवटा साहिब: उपमंडल पांवटा साहिब के सालवाला में दो बच्चों की मां ने खुद को केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा दी। आग से बुरी तरह झुलसी महिला की इसी बीच दर्दनाक मौत हो गई। महिला ने खुद को आग के हवाले क्यों किया यह पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। उधर, महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि महिला ससुराल वालों से परेशान थी। वहीं, अपनी बीमार बेटी को लेकर भी महिला काफी परेशान रहती थी। यह वारदात बीती शाम पेश आई। इस दौरान महिला का पति घर से बाहर था। इस बीच महिला ने यह ख़ौफ़नाक कदम उठाया। महिला 80 फीसदी तक जल चुकी थी। हालांकि उसे 108 एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा भी पहुंचाया गया, लेकिन महिला ने कुछ ही समय बाद दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय पूर्व अपने मायके गांव कमरऊ गई थी। जहां उसने यह सब व्यथा सुनाई। उसने परिजनों से कहा था कि वह ससुराल वापस नहीं जाना चाहती, लेकिन मायके वालों ने घरेलू झगड़ा समझ कर उसकी इस बात को हल्के में लिया और उसे समझाकर वापस भेजा। इसके बाद भी महिला परेशान चल रही थी।
डीएसपी वीर बहादुर ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला अपनी बीमार बेटी को लेकर परेशान थी। ससुराल वालों पर लग रहे आरोपों की पुलिस कर रही है।