
सुंदरनगर : मंत्री बनने के बाद पहली बार सुंदरनगर पहुंचे मंत्री राकेश पठानिया का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा महामंत्री व सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल भी मौजूद रहे। वहीं इस मौके पर वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि वन को युवाओं के साथ जोड़कर रोजगार के साधन पैदा किए जाएंगे। यह एक बहुत बड़े स्तर का कार्य है। जल्द ही इस पर काम शुरु कर दिया जाएगा। प्रदेश में 66 फीसद जंगलात भूमि है। इसका एक राजस्व आधारित विभाग बनाएंगे ताकि अधिक से अधिक राजस्व पैदा करने के लिए सोर्स पैदा किए जा सकें। इस योजना पर शीघ्र काम शुरु होगा। सुंदरनगर में पहुंचने पर आयोजित अभिनंदन समारोह के मौके पर उन्होंने यह बात कही।
इस मौके पर विधायक राकेश जम्वाल और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। रेस्ट हाऊस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार में विधायक राकेश जम्वाल सबके चहेते विधायकों में शामिल हैं। बीते दिनों मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा सुंदरनगर के लोगों के लिए दी गई करोड़ों रुपयों की सौगातें इस बात का प्रमाण है। उनका भी उनसे गहरा संबंध है। निकट भविष्य में वन और खेल विभाग के माध्यम से सुंदरनगर को और अधिक निखारने के भरसक प्रयास किए जाएंगे। जम्वाल उनसे पहले ही कह चुके हैं कि वन और खेलों के लिए सुंदरनगर के लिए जितना अधिक होगा, उतना किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ताओं के बिना आगे बढ़ना बेमानी है। जिस तरह सभी कार्यकर्ताओं ने अभी तक एकजूटता का परिचय देते हुए विधायक के साथ कंधे से कंधा मिला कर यहां तक का सफर तय किया है। आगे भी इसी प्रकार से सबके साथ पार्टी को शीर्ष पर ले जाना ही सबका ध्येय होना चाहिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। इस मौके पर विधायक राकेश जम्वाल, प्रताप ठाकुर, ओपी नायक, मुकेश चंदेल, महेंद्र ठाकुर, जितेंद्र शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।