राजधानी में दिखा तेंदुआ, लोगों में दहशत का माहौल

पहले भी देखा गया है तेंदुआ,विभाग ने नहीं की कोई कार्यवाही ..

0
550

राजधानी शिमला के रामनगर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम तेंदुआ देखा गया था जिसकी वीडियो स्थानीय निवासी ने बनाई और इसे स्थानीय लोगों के व्हाट्सएप ग्रुप पर फॉरवर्ड किया। वीडियो देखने के बाद से ही लोगों के बीच दहशत का माहौल है। राजधानी का रामनगर क्षेत्र बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां पर लगभग तीन हज़ार लोग रहते हैं। जिस समय पर लोग अपने काम से अपने घरों को लौटते हैं। उस समय पर तेंदुआ देखा जाना लोगों के मन में भारी डर पैदा कर रहा है। तेंदुआ क्षेत्र के कई आवारा पशुओं का शिकार कर चुका है।

ऐसा पहली बार नहीं है जब क्षेत्र में तेंदुआ देखा गया हो लेकिन लोगों के बार-बार कहने पर भी प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इससे पहले भी रामनगर में मादा समेत दो शावकों को देखा गया था जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरा में कैद हुई थी। रामनगर के लोगों की मांग है कि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए क्योंकि यदि तेंदुआ इसी प्रकार से क्षेत्र में घूमता रहा तो क्षेत्र के लोगों की जान पर जोखिम बना रहेगा। कुछ समय पहले भी शिमला के कनलोग क्षेत्र में एक तेंदुए ने घर लौट रहे व्यक्ति पर हमला कर दिया था जिससे व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here