मंडी : मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर उरला के समीप सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन सैनिक जख्मी हो गए। इनमे एक सैनिक को गंभीर चोटें आई हैं। घटना का पता चलते ही घरेहड़ गांव के युवक और महिलाओं ने रेस्क्यू शुरू कर सभी घायलों को सड़क मार्ग तक पहुंचाया। जिन्हें प्रांरभिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल पद्धर पहुंचाया गया। सभी सैनिक डोगरा रेजिमेंट के जवान हैं।
जानकारी के अनुसार सेना का वाहन शुक्रवार सुबह पंडोह से पठानकोट जा रहा था। उरला से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे घरेहड़ मोड़ के पास एक वाहन को पास देते बार सड़क धंसने की वजह से दो सौ मीटर गहरी ढांक में लुढ़क गया। उरला के युवाओं ने सभी जख्मी सैनिकों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में सूचना मिलने पर पद्धर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना के कारणों की जाँच शुरू कर दी है।