सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक लिफ्ट में आ जा सकेंगे लोग
कोविड-19 के चलते 23 मार्च को देश-प्रदेश में सरकार द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर लॉक डाउन की घोषणा कर दी गई थी जिस कारण देश-प्रदेश में सभी तरह की गतिविधियों को बंद कर दिया गया था। अब अनलॉक-2 शुरू हो गया है और आज तीन महीने के बाद लिफ्ट को फिर से जनता के लिए सुचारू कर दिया गया है।
इस के चलते प्रदेश में अन्य सोशल गतिविधियों के साथ ही एचपीटीडीसी की लिफ्ट भी आम जनता के लिए खोल दी गई थी। 23 मार्च को बंद हुई लिफ्ट आज से आम जनता के लिए खोल दी गई है। कोविड-19 की गाइडलाइंस के तहत सोशल डिस्टेनसिंग रखते हुए लिफ्ट को 50 % लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। लिफ्ट में आने-जाने वालों की पूरी तरह से जांच करके और सेनेटाइज कर भेजा जा रहा है। लिफ्ट के आज पहले दिन खुलने पर लोगों ने सोशल डिस्टेनसिंग रखते हुए आवागमन किया।
एचपीटीडीसी एमडी कुमुद सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि लिफ्ट आज सोमवार से लोगों के लिए खोल दी गई है। लिफ्ट को खोलने की लोगों की तरफ से भी रिक्वेस्ट आ रही थी जिसके तहत प्रदेश सरकार से बैठक के बाद लिफ्ट को चालू कर दिया गया है। लिफ्ट में लोगों का आना जाना सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक तय किया गया है। उन्होंने बताया कि लिफ्ट में अभी 14 कर्मचारियों के साथ ही काम किया जा रहा है। लिफ्ट के दोनों मुहानों पर 7-7 कर्मचारी ड्यूटी दे रहे हैं। सभी को पूरी तरह से ट्रेंड किया गया है और कोविड-19 से बचाव के सभी सुरक्षा उपकरण मुहैया करवाए गए हैं। लोगों को भी ऊपर-नीचे दोनों आवागमन के मार्गों पर स्कैन किया जा रहा है। टेम्परेचर सामान्य आने पर ही लोगों को लिफ्ट में प्रवेश दिया जा रहा है। साथ ही लिफ्ट में कोविड-19 की गाइडलाइंस क्या करें, क्या न करें के नोटिस लगाए गए हैं और लोगों को ऑडियो संदेश के द्वारा सतर्क किया जा रहा है। साथ ही हर 2 घंटे के बाद लिफ्ट की सफाई की जा रही है।