
वैश्विक महामारी कोविड-19 से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश प्रर्यटन विकास निगम ने भी सहायता का हाथ आगे बढ़ाया है। एचपीटीडीसी की प्रबन्ध निदेशक कुमुद सिंह ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम की ओर से 14 लाख दो हजार 540 रुपये का चैक मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को एचपी कोविड-19 साॅलिडेरिटी रिस्पोंस फंड के लिए भेंट किया। प्रबंध निदेशक कुमुद सिंह ने कहा कि इस संकट की स्थिति में पर्यटन विकास निगम पूरी तरह से सरकार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से निगम के लिए जो भी आदेश होंगे उनकी पालना करने के साथ निगम के कर्मचारी अपने स्तर पर भी इस स्थिति से निपटने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा इस विकट स्थिति में आम लोगों को भी सरकार के सहयोग के लिए आगे आना चाहिए और एचपी कोविड-19 साॅलिडेरिटी रिस्पोंस फंड में कुछ राशि जमा करवानी चाहिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से इस फंड में उदारता से दान करने की अपील की, ताकि इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।