करसोग। हिमाचल के जिला मंडी में करसोग में रात को हुई भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। यहां पिछले कई घंटों से जारी बारिश की वजह से शिमला-करसोग मुख्यमार्ग करीब छह घंटे अवरूद्ध रहा। राजधानी से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पांच से छह जगह पर भूस्खलन हुआ। जिस कारण शिमला-करसोग सड़क पर सुबह करीब 4 बजे से वाहनों की आवाजाही बंद रही। जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हालांकि सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने तुरंत प्रभाव से जेसीबी भेज दी थी, लेकिन कई जगह पर हुए भूस्खलन की वजह से विभाग को भी सड़क पर आए मलबा और पत्थर को हटाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अतिरिक्त उपमंडल के तहत तत्तापानी से शाकरा सड़क भी भूस्खलन से अवरूद्ध है। इसी तरह से करसोग में 6 संपर्क मार्ग भूस्खलन के बाद बंद पड़े हैं। करसोग में बारिश का सिलसिला अभी जारी है। ऐसे में उपमंडल में अभी भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इसको देखते हुए लोक निर्माण विभाग करसोग डिवीजन के अधिशाषी अभियंता लगातार फील्ड अधिकारियों के संपर्क में है। ताकि भूस्खलन होने पर तुरंत प्रभाव से जेसीबी को स्पॉट पर भेज कर सड़कों को खोला जा सके।
अधिशाषी अभियंता अरविंद भारद्वाज का कहना है कि लगातार बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन हो रहा है। शिमला-करसोग मुख्य मार्ग भी अवरूद्ध हो गया था। जिसे प्राथमिकता के आधार पर वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन की वजह से अभी 6 संपर्क सड़कें बंद है। जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है। लगातार बारिश से कई जगहों पर अभी भी भूस्खलन हो रहे हैं।