करसोग। करसोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक 28 जुलाई को होगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवम विधानसभा चुनाव क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रूपेश कंवल विशेष तौर से हिस्सा लेंगे। प्रभारी बनने के बाद उनकी कार्यकर्ताओ के साथ ये पहली बैठक होगी। इसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित फ्रंटल संगठनों जैसे युवा कांग्रेस, सेवा दल, महिला कांग्रेस व भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारियों का पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रदेश में करीब चार माह बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बैठक काफी महत्वपूर्ण बताई जा रही है। जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने के साथ कार्यकर्ताओं में जीत के लिए जोश भरा जाएगा। रूपेश कंवल के लिए करसोग विधानसभा क्षेत्र नया नहीं है। वे यहां पहले भी प्रभारी रह चुके हैं और क्षेत्र की भौगौलिक स्थिति की जानकारी रखते हैं। इसको देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोच समझकर ही रूपेश कंवल को करसोग विधानसभा क्षेत्र का प्रभार सौंपा है। ताकि आगामी विधानसभा चुनाव वोटर को नब्ज़ को टटोलते हुए कांग्रेस पार्टी भारी अंतर के साथ जीत का परचम लहरा सके। विधानसभा चुनाव में भाजपा को किन मुद्दों पर घेरा जा सकता है और कांग्रेस पार्टी का क्षेत्र के विकास को लेकर क्या विजन है। इस बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए जाएंगे। इससे पूर्व 5 जुलाई को भी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई थी। जिसमें कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों को लेकर फीड बैक लिया गया था। ऐसे में एक ही माह के अंदर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ये दूसरी बैठक होने जा रही है। जाहिर है की कांग्रेस विधानसभा चुनाव को हल्के में नहीं लेना चाहती है। जिसके लिए पार्टी ने पहले से ही कमर कसने का निर्णय लिया है।
करसोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव हरिओम शर्मा का कहना है पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष बैठक 28 जुलाई को रखी गई है। जिसमें विधानसभा चुनाव क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रूपेश कंवल हिस्सा लेंगे। इस बारे में कमेटी सहित फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों को सूचित किया जा रहा है।