शिमला। कल से हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने 28 मार्च को प्रदेश के तीन जिलों चंबा, कांगड़ा और मंडी में ओलावृष्टि और आंधी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। होली के दिन 29 मार्च को भी प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। पर्यटन स्थलों होली मनाने पहुंच रहे पर्यटकों को बर्फ की होली खेलने का मौका मिल सकता है। हालांकि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण होली पर कोई आयोजन करने की अनुमति नहीं है।
शुक्रवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया। शिमला से ज्यादा ठंड सोलन और सुंदरनगर में दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री, जबकि सुंदरनगर का 7.9 और सोलन का न्यूनतम तापमान 6.8 दर्ज किया गया है। ऊना में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आया है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 10.7, 22.3
- सुंदरगनर, 7.9, 29.7
- भुंतर, 6.0, 28.2
- कल्पा, 3.0, 18.5
- धर्मशाला, 11.2, 21.6
- ऊना, 11.4, 32.2
- नाहन, 13.3, 27.2
- केलंग, -5.1, 8.3
- सोलन, 6.8, 29.0