नाहन। जिला मुख्यालय नाहन में हाल ही में दो भाइयों की आत्महत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक गिरफ्तारी की है। सुराग हाथ लगने के बाद पुलिस ने एक मृतक भाई की पत्नी को गिरफ्तार किया है। आत्महत्या मामले में यह पुलिस द्वारा की गई पहली गिरफ्तारी है। पुलिस ने बीते रोज देर शाम मृतक मनोज की पत्नी नीलम की गिरफ्तारी की और बुधवार दोपहर को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने महिला को 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
बता दें कि कुछ ही दिन पहले शहर के वाल्मीकि नगर में दो सगे भाइयों ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतक के परिजनों ने कच्चा टैंक पुलिस चैकी के बाहर अपना रोष भी जाहिर किया था। पुलिस ने इस मामले में एक धारा जोड़कर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। पुलिस अभी भी इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बीते मंगलवार को ही पुलिस ने बिजली बोर्ड में कार्यरत मृतक मनोज की पत्नी नीलम को अहम दस्तावेज व सुराग मिलने के बाद गिरफ्तार किया। सूत्रों का कहना है कि पत्नी से परेशान होकर उसके पति को आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाना पड़ा। इस दिशा में पुलिस इस जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मामले की पुष्टि एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। इस मामले में एक मृतक की पत्नी की गिरफ्तारी की है।