शिमला। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पीजीआई से डिस्चार्ज कर दिया है। डिस्चार्ज होने के बाद वे सरकारी हेलीकॉप्टर में चंडीगढ़ से वापस शिमला भी पहुंच गए हैं। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह 22 दिन तक पीजीआई में दाखिल रहे वे अब स्वस्थ बताए जा रहे हैं। जिसके बाद आज उन्हें डिस्चार्ज किया गया। वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से हेलीकॉप्टर मुहैया करवाने की बात की थी। इस पर सरकार ने वीरभद्र सिंह को घर लाने के लिए हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ भेज दिया है।विक्रमादित्य ने सवा दो बजे के करीब फेसबुक पेज पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है। विक्रमादित्य सिंह ने लिखा है मां भीमाकाली के आशीर्वाद और लोगों की दुआओं से वीरभद्र सिंह स्वस्थ होकर पीजीआइ से घर लौट रहे हैं। सांस लेने में दिक्कत होने के बाद उन्हें 16 सितंबर को आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया था और तीन दिन बाद 19 सितंबर को आईजीएमसी से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। अब 22 दिन बाद उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई से छुट्टी दी गई है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के अस्पताल में दाखिल होने के दौरान वह उनके संपर्क में रहे हैं। साथ ही डॉक्टरों से भी बात की है। सबने कहा कि वह अब ठीक हैं। वह स्वास्थ्य होकर परिवार के बीच आराम करें। सरकारी हेलीकॉप्टर भेजे जाने पर उन्होंने कहा कि मानवीय दृष्टिकोण भी होना चाहिए। वीरभद्र सिंह ने लंबे समय तक हिमाचल के लिए योगदान दिया है।