भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्र सरकार के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश को 1 लाख सेनेटाइजर की प्रथम खेप भेजी है। भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना संकट की घड़ी में मास्क और सैनिटाइजर एकमात्र ऐसे प्रबल हथियार है जो इस वैश्विक महामारी से लड़ने में कारगर साबित हो रहे हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए भाजपा केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश सहित भारत के सभी प्रांतों को सेनेटाइजर भेजे हैं। सेनेटाइजर की पहली खेप प्रदेश सरकार के माध्यम से मंडल और बूथ स्तर पर भेजे जाएंगे जहां से फिर सभी कोरोना योद्धाओं एवं ज़रूरतमंदों को यह सेनेटाइजर दिया जाएगा। त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि यह सेनेटाइजर प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में 25-25 हज़ार की संख्या में भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्र सेवा के बहुत से कार्य राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में किए हैं और प्रदेश में भी सेवा कार्यों को प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल के नेतृत्व में पूरा किया गया। खाने के पैकेट और राशन कीटों का भारी मात्रा में वितरण किया गया है। फेस कवर एवं सेनेटाइजर अपने स्तर पर भारतीय जनता पार्टी ने वितरित किए है इसके अलावा पीएम केयर फंड एवं मुख्यमंत्री फंड में भी योगदान दिया है। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, प्यार सिंह कंवर उपस्थित रहे ।