
शिमला : प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जम्मू-कश्मीर के दौरे को लेकर फिर एक बार सरकार व मुख्यमंत्री पर प्रहार किया है। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि वह प्रदेश में बढ़ते कोरोना के बावजूद जम्मू-कश्मीर के निकाय चुनावों जिला विकास परिषद के प्रचार में डटे है। इससे साफ है कि भाजपा अपनी राजनीति और चुनावों को ज्यादा महत्व देती है।
राठौर ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना से बिगड़ते हालात के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह दोषी है।उन्होंने कहा है कि शिमला के कोविड अस्पताल में एक रोगी का ठिठुरना और रोना सरकार की अस्पतालों में पूरी अव्यवस्था की पोल खोलता है।उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री व उनके वजीर केवल बयानबाजी कर लोगों का इस बढ़ती महामारी से ध्यान हटाने का प्रयास कर रहें है।उन्होंने कहा है कि प्रदेश में पूरी शासकीय व्यवस्था अस्त व्यस्त होकर रह गई हैं।उन्होंने रोष स्वरूप कहा है कि प्रदेश में आज से पहले ऐसा नकारा प्रशासन लोगों ने शायद ही कभी देखा होगा,जैसा आज देख रहें है।
राठौर ने प्रदेश में भाजपा के अंदर चल रही अंतर्कलह पर तंज कसते हुए कहा है कि अब मुख्यमंत्री अपने विधायको से फूलों के गुलदस्ते लेने से भी गुरेज करने लगें है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के आरोप के बाद मुख्यमंत्री अपना गुस्सा और खीज प्रदेश पर उतार रहें है।
राठौर ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया है कि वह प्रदेश को आर्थिक गुलामी की ओर धकेल रहें है। सत्ता संघर्ष की वजह से प्रदेश के विकास कार्य ठप्प पड़े है। एक ओर कोरोना का बढ़ता सकंट दूसरी ओर प्रदेश पर बढ़ता कर्ज का बोझ,बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई से त्रस्त लोगों को किसी भी प्रकार की राहत देने में यह सरकार पूरी तरह असफल साबित हो रही है और मुख्यमंत्री जम्मू कश्मीर में नगर विकास परिषद में भाजपा के लिए वोट मांग रहें है।