हाथरस रेप और मर्डर केस को लेकर विपक्ष सहित अन्य राजनैतिक पार्टियों का रोष प्रदर्शन जारी है। आज आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने देश के सभी राज्यों में सत्याग्रह का एलान किया था जिसके तहत आज हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस शिमला शहरी द्वारा विरोध स्वरूप सत्याग्रह किया गया। राजधानी शिमला में रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बैठकर कांग्रेस ने सत्याग्रह किया। कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से रैली निकालकर रिज मैदान पहुंचे और सत्याग्रह किया। इस सत्याग्रह आंदोलन में शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, महिला अध्यक्ष जेनब चन्देल, पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई पार्टी प्रतिनिधि और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश भर में किए जा रहे हैं सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने उत्तरप्रदेश के हाथरस में घटी घटना की निंदा करते हुए कहा कि पीड़िता देश की बेटी थी और उसको न्याय दिलाने में यूपी सरकार और पुलिस प्रशासन विफल रही है इसीलिए सीबीआई को यह केस दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा पीड़िता का आधी रात को किया गया अंतिम संस्कार हिंदू संस्कृति का अपमान है और उसके माता-पिता को भी उसके अंतिम दर्शन न करने देना भी बहुत दुःखद घटना है। उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार लोगों के नैतिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी पीड़िता के परिवार के साथ नहीं मिलने दिया गया और उनके साथ धक्का मुक्की कर दुर्व्यवहार किया गया। पीड़िता को न्याय मिले इसीलिए आज आल इंडिया कांग्रेस कमेटी का पूरे देश में एक दिन का सत्याग्रह किया गया।
वहीं कांग्रेस शिमला शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि यह सत्याग्रह यूपी की बेटी को न्याय दिलाने के उद्देश्य से किया गया है।