कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन आज प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में साधारण व शांत तरिके से मनाया गया। देश में कोरोना महामारी, सीमा पर चीन विवाद और शहीद हुए सेना के जवानों के चलते राहुल गांधी ने अपना जन्मदिन न मनाने का निर्णय लिया। राहुल गांधी के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और युथ कांग्रेस ने संयुक्त संयोजन से उनका जन्मदिन सौम्य तरीके से मनाया। प्रदेश के दूसरे भागों में भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा रक्तदान और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया।
गतिविधियों का आयोजन :
इस अवसर पर प्रदेश,जिला और यूथ कांग्रेस कमेटी ने लद्दाख सीमा पर शहीद हुए 20 जवानों के सम्मान में श्रद्धासुमन अर्पित किए साथ ही उनकी शहादत पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान अस्पतालों में रक्त की कमी को देखते हुए रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वास्थ्य की कामना की। इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी और कार्यकर्ताओं ने भी रक्तदान किया। शिविर में 82 यूनिट रक्त जुटाया गया।
वहीं अस्पतालों में सुरक्षा और स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद के लिए आपदा राहत कोष में 13 लाख 51 हजार रुपये की राशि का चेक भी जमा किया गया। इसके अलावा राहुल गांधी के जन्मदिवस पर आईजीएमसी और कमला नेहरू अस्पताल में कोरोना वैश्विक संकट की लड़ाई लड़ रहे कोरोना योद्धा डॉक्टर्स,नर्सिस और सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। अस्पताल के सफाई कर्मचारियों और 200 गरीब और जरूरमंद लोगों को सूखे राशन के किट्स भी बांटे गए। पार्टी मुख्यालय में इस उपलक्ष्य पर 1000 लोगों को खाना खिलाया गया।
प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी के निर्णयों के मुताबिक सरल तरीके से उनका जन्मदिन मनाया गया है। इस मौके पर रक्तदान शिविर लगाया गया। साथ ही कोरोना के मद्देनजर बनाए गए आपदा राहत कोष में जमा की गई 13 लाख 51 हजार रुपये की राशि का चेक दिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चीनी सेना के हमले में शहीद हुए हमीरपुर के अंशुक ठाकुर के स्मरण में शहीद स्मारक बनाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द ही कमेटी का गठन किया जाएगा।