आज राजधानी शिमला में 40 साल की उम्र में देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में कार्य भार संभालने वाले राजीव गांधी की 76वीं जयंती पर शिमला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। छोटा शिमला स्तिथ उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि देकर उन्हें याद किया गया । मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को एकता और अखण्डता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पक्ष-विपक्ष ने मिलकर राजीव गांधी को पुष्पांजलि दी। राजीव गांधी की जयंती को हर साल सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसे ‘समरसता दिवस’ और ‘राजीव गांधी अक्षय ऊर्जा दिवस’ के नाम से भी जाना जाता है। 20 अगस्त, 1944 को पैदा हुए राजीव गांधी भारत के छठे प्रधानमंत्री रहे। राजीव गांधी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। आज भारत दुनिया में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सुपर पावर बनकर उभरा है। इसकी बुनियाद राजीव गांधी ने साल 1985 में आईटी क्रांति के जरिए रखी थी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि गांधी ने अपना सम्पूर्ण जीवन देश पर बलिदान कर दिया। देश व देशवासी उनके इस बलिदान के सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश के लिए जो योगदान दिया है उसे हमें याद रखना चाहिए और उनके सद्भावना के संदेश को आत्मसार करना चाहिए।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, नगर निगम महापौर सत्या कोंडल, नगर निगम शिमला के पार्षद, उपायुक्त अमित कश्यप, नगर निगम शिमला के आयुक्त पंकज राय, पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल और अन्य गणमान्यों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की।