
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोमवार शाम माॅल रोड और ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रस्तावित स्थलों का दौरा किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज , जिला प्रशासन, एमसी और इंजीनियरिंग टीम के साथ रिज और माल रोड पर सभी मूर्ति के लिए संभावित जगहों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल के प्रति विशेष स्नेह और लगाव था और वह प्रदेश को अपना घर कहा करते थे। उनके लगाव को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में रिज पर उपयुक्त स्थान पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि उनके जन्म दिवस के अवसर पर इस वर्ष 25 दिसंबर को इस प्रतिमा का अनावरण करने के प्रयास किए जाएंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि उचित जगह देख कर कार्य जल्द आरंभ कर दिया जाएगा।
जल्द शुरू होगा रिज मैदान को रिस्टोर करने का कार्य:
निरीक्षण दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रिज मैदान की धंस रही जगहों को जल्द ही रिस्टोर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि रूढ़की की इंजीनियरिंग टीम को इसके संबंध में डीपीआर और डिज़ाइन आदि बनाने के लिए कहा गया है और जैसे ही यह कार्य संपूर्ण हो जाएगा रिज मैदान की धंस रही जगहों को जल्द रिस्टोर कर दिया जाएगा।
श्रीराम मंदिर बनते देखना हमारी पीढ़ी का सौभाग्य:
इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर निर्माण की भूमि पूजन के संबंध में कहा कि यह करोड़ों भारतवासियों की आस्था का प्रश्न है और श्रीराम मंदिर बनने का सपना सभी का है। आज सैंकड़ों वर्ष का उलझा हुआ मामला समाधान की ओर बढ़ रहा है। श्रीराम भगवान सैकड़ों भारतवासियों की आस्था का केंद्र है।श्री राम मंदिर को बनाने को लेकर लंबे समय से संघर्ष चल रहा था और आज वह संघर्ष पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। 5 तारीख को श्रीराम मंदिर निर्माण भूमि का शिलान्यास व भूमि पूजन हो रहा है। यह हमारी पीढ़ी का सौभाग्य है कि हम इस घटनाक्रम के गवाह बन रहे हैं और श्री राम मंदिर बनते देख रहे हैं और मंदिर बनाने का हमारा सपना पूरा हो रहा है।
इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, महापौर सत्या कौंडल, प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा, उपायुक्त अमित कश्यप, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ भवन शर्मा और नगर निगम शिमला के आयुक्त पंकज राय भी उपस्थित रहे।