नाहन ,26 जून (एस के चौधरी)
जिला मुख्यालय नाहन के वाल्मीकि नगर में आज दो भाइयों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है जिस कारण दोनों भाइयों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।जानकारी के अनुसार 54 वर्षीय विजय कुमार व 50 वर्षीय मनोज कुमार ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। मामले की सूचना मिलतेे ही पुलिस मौके पर पहुंची। बेहोश हालत में दोनों को डॉ.वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जहां दोनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दोनों भाईयों ने क्यों जहर निगला, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जाहिर की जा रही है कि दोनों ने कोई अज्ञात केमिकल का इस्तेमाल किया। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और दोनों की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मौके से जहर निगलने वाले ग्लास की बरामदगी भी की है।
उधर एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों भाइयों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। शवों के पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।