राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को कोरोना सुरक्षा किट भेंट करती भाजपा महिला मोर्चा
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने आज प्रदेश राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की। नवनियुक्त अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने मोर्चा की महासचिव शीतल व्यास और वंदना गुलेरिया के साथ मिलकर मोर्चा की ओर से राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री को कोरोना सुरक्षा किट भेंट की।
राज्यपाल से हुई भेंट के दौरान रश्मि धर सूद ने राज्यपाल को जानकारी देते हुए बताया कि महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को लगभग 25 लाख मास्क वितरित किए गए हैं और महिला मोर्चा ने 30 लाख मास्क बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि मास्क वितरित करने के साथ ही महिला मोर्चा लोगों को कोविड-19 महामारी के बारे में जागरूक करने का काम भी कर रहा है।
राज्यपाल ने हैंडमेड मास्क बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मोर्चा की कार्यकर्ताओं से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र कि महिलाओं को सामाजिक दूरी, मास्क पहनना तथा हाथ धोने को अपनी दिनचर्या में शामिल करने आदि के बारे में शिक्षित करने का आग्रह किया। उन्होंनें आशा व्यक्त की कि उनके प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कोरोना सुरक्षा किट भेंट करती भाजपा महिला मोर्चा
कोविड-19 से सुरक्षा के मद्देनजर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को भी फेस मास्क और साबुन सम्मिलित कोरोना सुरक्षा किट भेंट की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों के लिए भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कोरोना सुरक्षा किट प्रदान करने के लिए उनकी सराहना की।
इस मौके पर महासचिव वंदना गुलेरिया और शीतल व्यास, जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुमन ठाकुर और अनिला कश्यप, कार्यालय सचिव किरण बावा, कसुम्पटी क्षेत्र की भाजपा नेता विजय ज्योति सेन, कोषाध्यक्ष मधु सूद, पदाधिकारी भारती सूद, ममता गुप्ता, अंजना ठाकुर भी उपस्थित रहे।