
रामपुर बुशहर : पूरे विश्व में फैली भयानक कोरोना महामारी से बचाव के लिए मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा ने हवन किया और विश्व शांति और लोगों के कोरोना से शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की।
भाजपा महिला मोर्चा ने रामपुर के समीप भद्राश में सात दिनों तक विश्व शांति के उद्देश्य से गायत्री मंत्र का जाप करवाया और मंगलवार को हवन कर पूर्ण आहूति डाली गई। इस हवन में भारी संख्या में महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष बिशना भंडारी की मौजूदगी में इस हवन में पूर्णाहुति डाली गई।
अध्यक्ष बिशना भंडारी ने बताया कि बीते तीन माह से भारत सहित पूरे विश्व में कोरोना महामारी का भयंकर प्रकोप छाया हुआ है। विश्व भर में शांति रहे और लोगों का कल्याण हो इसके लिए गायत्री मंत्र का जाप बीते सात दिनों तक किया गया और मंगलवार को हवन कर पूर्णाहुति दी गई। इस हवन में भाजपा मंडल उपाध्यक्षा उषा मेहता ने पूजा अर्चना कर विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
हवन में आशा कटवाल मंडल सचिव, बीना परमार उपाध्यक्षा महिला मोर्चा, बीना नेगी प्रधान दतनगर, किरण मेहता प्रधान थैली-चक्टी, पुष्पा देवी, शीला धीमान, गुड्डी , रीता जोशी, संधिरा, आशा, वर्षा, रीता देवी व अनिता लक्टू के अलावा अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।