
शिमला : हिमाचल प्रदेश में भाजपा नेता व पूर्व मंत्री नाहन की श्यामा शर्मा का 70 वर्ष की आयु में आज निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन पर बीजेपी नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, केन्द्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल, सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल सहित समस्त पदाधिकारियों, विधायकों ने पूर्व विधायिका श्यामा शर्मा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
भाजपा नेताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। श्यामा शर्मा पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी तथा उनका चंडीगढ़ में ईलाज चल रहा था। श्यामा शर्मा का अंतिम संस्कार नाहन में किया जाएगा।
श्यामा शर्मा बीजेपी की तेजतर्रार नेताओं में शामिल थी। जिला सिरमौर में भाजपा को विशेष पहचान दिलाने में उनकी मुख्य भूमिका रही। उन्होंने संगठन के लिए कई कार्य किए। पहली बार 1977 में नाहन विधानसभा से चुनाव लड़ा और जीत भी हासिल की थी। देहरादून के डीएवी कॉलेज से एलएलबी की डिग्री ली थी। राजनीतिज्ञ के साथ-साथ वह एक कुशल अधिवक्ता भी रही हैं। आपातकाल के दौरान श्यामा शर्मा जेल में भी रही हैं। वह राजनीति से काफी समय से दूर थी। वह तीन बार विधायक,एक बार राज्यमंत्री और एक बार प्लानिंग बोर्ड की चेयरमैन भी रहीं