प्रदेश के कांगड़ा और हमीरपुर में शुक्रवार सुबह 9 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से कांगड़ा में 5 और हमीरपुर में 4 नए मामले पॉजिटिव रिपोर्ट हुए हैं। इनकी ट्रैवेल हिस्ट्री मुंबई, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात से है। मामलों की पुष्टि संबंधित जिलउपायुक्तों द्वारा की गई है। अब नए मामलों के बाद प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 290 हो गए हैं और एक्टिव मामलों की संख्या 208 हो गई है।
कांगड़ा में 5 नए मामले:
नए 5 मामलों में बकरति निवासी 34 वर्षीययुवक दिल्ली से लौटा है और बकरति स्कूल में संस्थागत कोरेंटिन में रह रहा था। 31 वर्षीय युवक और 28 वर्षीय युवक भी कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। यह हमीरपुर के महाल के रहने वाले और गुजरात के अहमदाबाद से वापस आए हैं। इन्हें नादौन के डिग्री कॉलेज में संस्थागत कोरेंटिन किया गया है। गगल नादौन की 32 वर्षीय युवती मुंबई से आई है और जांच में संक्रमित पाई गई है। इसे नादौन में ही होटल में संस्थागत कोरेंटिन किया गया है। टिक्करी टोणी देवी के 57 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।यह राजस्थान से लौटे हैं और इन्हें ललियार स्कूल में कोरेंटिन किया गया है।
इन सभी के जांच के लिए सैंपल 26 मई को लिए गए थे और सभी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन्हें डेडिकेटेड कोविड केअर सेंटर शिफ्ट किया जाएगा।
इसी के साथ कांगड़ा में कुल संख्या 74 हो गई है और एक्टिव मामले 53 हो गए हैं।
हमीरपुर में 4 नए मामले:
हमीरपुर जिले में एक दिन की राहत मिलने के बाद शुक्रवार सुबह ही कोरोना के 4 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 3 मामले महाराष्ट्र के ठाणे से आए हैं जबकि एक वरिष्ठ नागरिक दिल्ली से लौटे हैं। इन सभी को परौर के संस्थागत कोरेंटिन में रखा गया था और जांच में संक्रमित होने के बाद इन्हें डाढ़ के कोविड केअर सेंटर में भेजा जा रहा है।
संघोल की 42 वर्षीय महिला, गाढरण के 33 वर्षीय और थुरल का 27 वर्षीय युवक महाराष्ट्र से वापस आए हैं। जबकि थुरल के ही 75 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और डायलिसिस पर हैं। इन्हें थुरल में ही होम कोरेंटिन किया गया था और अब मंडी के नैरचोक मेडिकल कॉलेज शिफ्ट किया जा रहा है। इसी के साथ हमीरपुर में कुल संख्या 97 पहुंच गई है और एक्टिव मामले बढ़कर 87 हो गए हैं।
प्रदेश में कुल संख्या 290:
सुबह आए इन 9 मामलों के साथ ही कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 290 पहुंच गई है जबकि एक्टिव मामले 208 हो गए हैं। राहत की बात यह है कि सभी संक्रमित संस्थागत कोरेंटिन में रह रहे हैं और जांच के बाद ही इन्हें घर भेजा जा रहा है।