प्रदेश में रविवार को देर रात तक आए रिकार्ड 45 कोरोना पॉजिटिव मामलों के बाद सोमवार शाम पांच बजे तक प्रदेश में 15 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। ये 15 मामले पांच जिलों से सामने आए हैं। इनमें कांगड़ा में 7, शिमला में 3, सोलन और बिलासपुर में 2-2 और मंडी जिला में 1 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। साथ ही आज प्रदेश में दो जिलों में तीन लोगों के ठीक होने की सुखद खबर आईहै। इनमें दो मरीज कांगड़ा में और एक मरीज मंडी जिले में ठीक हुआ है।
शिमला में आए 3 नए मामले:
राजधानी शिमला में आज 3 नए मामलों की कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। ये तीनों एक ही परिवार के सदस्य हैं जिनमें पति-पत्नी और उनका 7 वर्षीय बच्चा है। पुरूष की उम्र 37 जबकि महिला 33 उम्र है। रामपुर दत्तनगर के रहने वाले हैं और होम कोरेंटिन किए गए थे। परिवार 12 जून को हरियाणा सोनीपत से शिमला आया था और आज इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनकी कॉन्टेक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इन्हें डेडिकेटिड कोविड केयर सेंटर मशोबरा शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही शिमला में कुल संक्रमितों की संख्या 33 हो गई है जिनमें से 17 एक्टिव केस हैं और 2 मृत्यु दर्ज है।
मंडी में आया 1 नया मामला,कुल संख्या 24:
मंडी से आए नए मामले में सरकाघाट क्षेत्र के एक 52 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनकी ट्रैवेल हिस्ट्री दिल्ली से है। इन्हें भांबला में संस्थागत कोरेंटिन किया गया था। इनमें कोरोना के प्रत्यक्ष लक्षण नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनको कोविड केयर सेंटर ढांगसीधार शिफ्ट किया जा रहा है। इस नए मामले के साथ ही मंडी जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 24 हो गई है जिनमें से 20 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं अब केवल 2 ही सक्रिय मामले हैं।
बिलासपुर में 2 नए मामले,कुल संक्रमित 34 :
बिलासपुर में आज घुमारवीं के रहने वाले पिता-पुत्र के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इन दोनों की ट्रैवेल हिस्ट्री दिल्ली से है और ये 15 जून को दिल्ली से बिलासपुर लौटे हैं। इन्हें कुठेड़ा फ़ॉरेस्ट रेस्ट हॉउस में संस्थागत कोरेंटिन किया गया था। 20 जून को इनकी सैंपलिंग हुई थी और आज सोमवार को इनकी रिपोर्ट आई है। इन्हें अब शिवा कॉलेज में बनाए गए कोविड केअर सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है।बिलासपुर में ये 9दो नए मामले आने के बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 34 हो गया है जबिक 23 लोगों के ठीक होने के बाज जिले में 11 सक्रिय मामले अब भी हैं।
कांगड़ा में 7 नए मामले,कुल संख्या 191:
कांगड़ा जिले में एक साथ 7 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। सभी नगरोटा बंगवा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। संक्रमितों में 58 वर्षीय महिला, उसकी 33 वर्षीय बहू और 6 वर्षीय पोती शामिल हैं। सभी मुंबई से लौटे हैं और कोविड केयर सेंटर डाढ शिफ्ट किए जा रहे हैं।इसी तरह 24 वर्षीय युवक और उसकी 16 साल की बहन कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। दोनों दिल्ली से लौटे हैं। वहीं 42 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 11 साल की बेटी भी पॉजिटिव पाई गई है। दोनों फरीदाबाद से कांगड़ा लौटे थे। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर बैजनाथ शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में आज दो कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं। इस के साथ ही कांगड़ा में अब 191 कुल मामले हो गए हैं जबकि रिकार्ड 120 लोगों के ठीक होने के बाद जिले में 70 सक्रिय मामले हैं।
सोलन में 1नया मामला,कुल संख्या 79:
सोलन जिले में भी आज कोरोना का 1 मामला पॉजिटिव दर्ज हुआ है। यह मामला सायरी में पाया गया है। यह व्यक्ति अपने दो साथियों के साथ दिल्ली से आया था जिन्हें जानकारी के अनुसार पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद अब जिला सोलन में जहां कुल संक्रमित मामले 79 हो चुके हैं तो वहीं 30 लोगों के ठीक होने के बाद जिले में 45 मामले एक्टिव हो गए हैं।
प्रदेश में कोरोना ग्राफ:
प्रदेश में कोरोना ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है लेकिन मामले बढ़ने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की सुखद खबर भी है। राज्य में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 716 पर पहुंच गया है जबकि 422 लोग कोरोना वायरस को हराने में कामयाब हुए हैं जिससे प्रदेश में अब 272 मामले सक्रिय रह गए हैं और 6 मौतें हुई हैं।