राज्यपाल का लड़कियों की शिक्षा व सशक्तिकरण पर बल

0
869
Governor Emphasises on girls' education and empowerment
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लड़कियों की शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के लिये समाज में महिलाओं को समुचित सम्मान व दर्जा प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। राज्यपाल आज हमीरपुर के गौतम गर्ल्स कालेज में राज्य स्तरीय चार दिवसीय अंतर महाविद्यालय युवा समारोह के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस प्रतियोगिता में 35 महाविद्यालयों के सात सौ छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। राज्यपाल ने ‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’ अभियान की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि नारी का सम्मान जरूरी है तथा जिस समाज में नारी का सम्मान होता है वह देश हमेशा तरक्की के पथ पर अग्रसर रहता है। उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों ने देश ही नहीं अपितु विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
राज्यपाल ने कहा कि युवा राष्ट्र की पूंजी हैं तथा विश्व में भारत सबसे युवा देश है। देश में युवाओं की संख्या साठ फीसदी से भी ज्यादा है। युवा पीढ़ी संस्कारित होगी तो देश और समाज भी प्रगतिशील होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों को गंभीरता से देखा जाता रहा है। इन परंपराओं का निर्वहन अत्यंत जरूरी है। राज्यपाल ने कहा कि अच्छाई और बुराई का केंद्र बिंदु मन होता है, मन संस्कारित होगा तो निश्चित तौर पर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होगा और इससे समाज निर्माण में भी मदद मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल को नशामुक्त प्रदेश बनाने, पर्यावरण तथा स्वच्छता की ओर विशेष ध्यान देने के साथ साथ जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी कारगर अभियान आरंभ किया जाएगा जिसमें युवाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि हिमाचल पूरे देश के लिए एक आदर्श राज्य के रूप में अपनी पहचान बना सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रतिपक्ष नेता प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां अत्यंत जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक मार्गदर्शन के लिये राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक कार्यों के लिये उपयोग करना चाहिए। इससे पूर्व, गौतम गर्ल्स कालेज के प्रिंसिपल रजनीश गौतम ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए युवा उत्सव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री ईश्वर दास धीमान, विधायक विजय अग्रिहोत्री, विधायक नरेंद्र ठाकुर, उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर, पुलिस अधीक्षक अजय बौद्व सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here