
लोकसभा चुनाव-2019 के दौरान देश तथा हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासितक विजय के उपरान्त आज जिला मण्डी के दौरे के दौरान सुन्दरनगर से मण्डी जाते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री का फूलों से स्वागत किया तथा अपना समर्थन प्रकट किया। मण्डी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जन आभार रैली को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा ने न केवल चारों संसदीय सीटों पर जीत हासिल की बल्कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में भारी जीत दर्ज कर रिकार्ड स्थापित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को लगभग 70 प्रतिशत वोट मिले, जोकि देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा को 15 लाख वोट प्राप्त हुए थे जबकि इस बार पार्टी को 32 लाख वोट मिले। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रदेश भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के लोगों ने देश की बागडोर पुनः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देने का मन बना लिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का 15 महीनों का कार्यकाल उपलब्धियों तथा सफलताओं से भरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को भारी बहुमत मिलना प्रदेश सरकार की नीतियों तथा कार्यक्रमों का परिणाम है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की अभूतपूर्व व भारी जीत से चिन्तित कांग्रेस नेता जनादेश को स्वीकार करने के बजाए अपनी हार का कारण ईवीएम को बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आशचर्यजनक है कि राजस्थान, मध्यप्रदेश तथा छतीसगढ़ में कांग्रेस की जीत के दौरान ईवीएम बिल्कुल ठीक थीं, लेकिन जब भाजपा ने जीत हासिल की तो कांग्रेस नेताओं ने ईवीएम को दोषी ठहराया, जिससे उनकी दोहरी मानसिकता प्रदर्शित होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की भारी हार का एक कारण कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अमर्यादित तथा तर्कहीन आरोप लगाना है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने इन टिप्पणियों को पुर्ण रूप से नकारा तथा भाजपा के पक्ष में वोट दिए। उन्होंने कहा कि मण्डी के लोगों ने साबित किया है कि वे एक विशेष परिवार के नहीं, बल्कि विकास के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार रोहडू तथा रामपुर जैसे कांग्रेस प्रधान क्षेत्रों में भी भाजपा ने अभूतपूर्व जीत हासिल की। उन्होंने मंत्रिमण्डल में अनुराग ठाकुर को शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुदृढ़ नेतृत्व ने सुनिश्चित किया है कि भारत विश्व शक्ति के रूप में उभरे। इसी मजबूत नेतृत्व के कारण पुलवामा आतंकी हमले के उपरान्त पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी शिविरों पर भारत द्वारा सर्जीकल हमलों के बाद आज इस मुद्दे पर विश्व में पाकिस्तान की भारी निंदा की गई है।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक सांस्कृति, धार्मिक और राजनैतिक संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई थी, जिसमें एक मजबूत भारत बनाने के पक्ष में तथा दूसरी अवसरवाद की राजनीति खेलने के लिए प्रतिबद्ध थी। उन्होंने कहा कि अमेठी से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हार अवसरवाद की राजनीति के खिलाफ लोगों का फैसला था। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई नीतियों और कार्यक्रमों का समर्थन करने के लिए देश के भाजपा कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से राज्य के लोगों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व के कारण भाजपा ने 303 सीटें जीती, जबकि कांग्रेस देश के सत्रह राज्यों में एक भी सीट जीतने में विफल रही। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में ‘टुकडे़-टुकड़े’ गिरोह का देश से पूरी तरह सफाया हो गया।
सांसद राम स्वरूप शर्मा ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मंडी के लोगों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ये चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि भाजपा को राज्य के सभी 68 निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त मिली थी। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने मजबूत और जीवंत भारत के लिए यह जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि वह मंडी संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए अधिक समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। भाजपा मंडी अध्यक्ष रणवीर सिंह ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का इस अवसर पर स्वागत किया। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, परिवहन एवं वन मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक कर्नल इंद्र िंसंह, जवाहर ठाकुर, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा, हीरा लाल, किशोरी लाल और सुरेन्द्र शौरी, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, अध्यक्ष मिल्क फैड निहाल चंद शर्मा, महासचिव राज्य बाल कल्याण परिषद पायल वैद्य, अध्यक्ष वक्फ बोर्ड राजबली, अध्यक्ष नगर परिषद मंडी सुमन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।