मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज जिला मण्डी के कोटपुरी का दौरा किया, जहां एक दुःखद घटना में शनिवार रात भीषण भू-स्खलन के नीचे दो बसें दब गईं। मुख्यमंत्री ने बचाव तथा राहत कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्तिम व्यक्ति को खोज निकालने तक बचाव कार्य जारी रहेगा। एनरडीआरएफ, सेना, पुलिस तथा होमगार्ड के दलों को बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया है। मनाली से कटरा जाने वाली बस में आठ यात्री सवार थे, जिनमें से तीन यात्रियों की मृत्यु हो गई है, जबकि पांच लोगों को बचा लिया गया है, जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल मण्डी में दाखिल करवाया गया है। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरान्त अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
राज्य मुख्यालय में अन्तिम जानकारी प्राप्त होने तक दूसरी बस को भी मलबे से निकाल लिया गया है, जिसमें से नौ यात्रियों के शव बरामद हो चुके थे।
वीरभद्र सिंह ने मृतकों व घायलों के परिजनों को फौरी राहत राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार घायल यात्रियों की चिकित्सा पर आने वाले खर्च का वहन करेगी। उन्होंने सम्पत्ति के नुकसान का शीघ्र अनुमान लगाने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावितों को उचित मुआवजा तथा अन्य सहायता प्रदान की जा सके।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से भी भेंट की तथा अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने इस दुःखद घड़ी में हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने लापता यात्रियों की सुरक्षा तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की।
स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री जी.एस. बाली तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा भी घटना स्थल पर बचाव तथा राहत कार्यों का जायजा लेने के लिए उपस्थित थे। स्वास्थ्य मंत्री ने मृतकों के परिजनों को वित्तीय सहायता के तौर पर चार लाख रुपये की राशि, जबकि परिवहन मंत्री ने एचआरटीसी द्वारा एक लाख रुपये की घोषणा की।