
नाहन: पच्छाद विकास खंड के तहत आने वाले बाग पशोग व नारग वार्ड से भाजपा बुरी तरह से हारी है। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के यह दोनों वार्ड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी के निर्वाचन क्षेत्र में आते हैं। यहां पर बाग पशोग वार्ड से भाजपा की बागी व निष्कासित निर्दलीय नीलम शर्मा ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी पूनम ठाकुर को 72 मतों से हराकर जीत प्राप्त की है। यहां पर भाजपा की प्रत्याशी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की धर्म बहन ललिता शर्मा तीसरे स्थान पर रही है। जबकि, नारग जिप वार्ड पर हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार के पौत्र आनंद परमार ने भाजपा के सुभाष शर्मा को 3205 मतों के भारी अंतराल से हराकर जीत दर्ज की है।
कांग्रेस समर्थित आनंद परमार ने पहली बार जिला परिषद का चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने अपने दादा डा. वाईएस परमार की विरासत को संभाल लिया है। हिमाचल निर्माता के बेटे कुश परमार के बाद राजनीति में लंबे समय से उनके परिवार से कोई सक्रिय नहीं था लेकिन अब आनंद परमार की राजनीति में धमाकेदार एंट्री से पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र में भी एक नई हलचल पैदा हो गई है। बहरहाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप व कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी अपने गृह क्षेत्र से जिला परिषद की दोनों सीटें गंवा चुके हैं।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की गृह पंचायत में प्रधान पद पर भी निर्दलीय ने कब्जा कर लिया है। यहां पर भाजपा के प्रधान पद के उम्मीदवार रणवीर ठाकुर व उपप्रधान पद के उम्मीदवार धनवीर सिंह और बीडीसी की उम्मीदवार हेमलता भारी मतों से हारी है।