भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के पद पर हुई डॉ राजीव बिंदल की ताजपोशी

0
930

शिमला। हिमाचल प्रदेश भारतीय जतना पार्टी के नए अध्यक्ष पद पर डॉ राजीव बिंदल की ताजपोशी हो गई है। भाजपा राष्ट्रीय सचिव एवं पर्यवेक्षक सुनील देवधर ने राजीव बिंदल की हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाये जाने की घोषणा की। ताजपोशी में केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, भाजपा राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय सहित तमाम मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार का शुभकामना संदेश समारोह में कार्यकर्ताओं को पढ़ कर सुनाया गया। समारोह में प्रदेशभर से सैंकड़ों कार्यकर्ता जोश और उत्साह के साथ ढोल नगाड़ों और पारंपरिक परिधान के साथ पहुंचे।

इसके अलावा भाजपा राष्ट्रीय परिषद के लिये चार नामों की घोषणा भी की गई जिसमें कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से रीता धीमान, मंडी संसदीय क्षेत्र से राकेश जम्वाल, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से राजेंद्र गर्ग और शिमला संसदीय क्षेत्र से सुखराम चौधरी के नाम राष्ट्रीय परिषद के लिये मनोनीत किये गए।

समारोह को सम्बोधित करते हुए भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती’ ने कहा कि करीब 9 वर्षों तक एक-एक कार्यकर्ता से मिलने, उनको समझने और सीखने का मौका मिला। इस दौरान उन्हें सभी का भरपूर सहयोग और आशीर्वाद मिला। संगठन के लिए सभी की शक्ति से काम करने का प्रयास किया, आज हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष पद से रिटायरमेंट पर संतोष है कि संगठन उन्नति के शिखर ओर अग्रसर हो रहा है ।

केन्द्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सतपाल सिंह सत्ती के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल मे भाजपा के लिए सराहनीय योगदान रहा। उन्होनें आशा व्यक्त करते हुए कहा कि डा0 बिंदल के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में सरकार को पहली बार रिपीट करने में अवश्य सफल होगी। विधान सभा अध्यक्ष के नाते कानूनी और वैधानिक बाधाएं रहती थी, लेकिन अब संगठन में खुलकर काम करने का पूर्ण अवसर मिलेगा तथा संगठन को भी इसका भरपुर फायदा मिलेगा

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एवं पर्यवेक्षक रमेश पोखरियाल ’निशंक’ ने कहा कि डॉ बिंदल संगठनात्मक दृष्टि से बेहद संवेदनशील व्यक्ति है। सभी को साथ लेकर नेतृत्व की क्षमता और जुझारूपन उनमें मौजूद है । उन्होनें डा0 बिन्दल को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि इनके पास काफी लम्बा संगठनात्मक अनुभव है और पहले भी कई महत्वपूर्ण पदों का निर्वहन बखूबी कर चुके हैं।

समारोह को सम्बोधित करते हुए डा0 बिन्दल ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।

बिंदल ने कहा कि हिमाचल के लिए यह गौरव की बात है कि देश और दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बनने जा रहे हैं। ये हिमाचल के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि और सम्मान का विषय है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राजीव बिंदल को अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा है कि संगठन का काम अब डॉक्टर के पास है जो नब्ज देख कर मर्ज का पता लगा लेते है और ईलाज ऐसा होता है जिसका कोई साइड इफ़ेक्ट नहीं होता है। सरकार को चलाने में कार्यकर्ता और संगठन का सहयोग जरूरी होता है। सरकार ने दो साल में कई अभूतपूर्व काम किये हैं।विपक्ष के पास सरकार को घेरने का कोई मुद्दा नहीं है।लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की जिसका श्रेय सभी कार्यकर्ताओं को जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here