
नाहन: पंचायतीराज चुनाव के तीसरे व अंतिम चरण में पच्छाद विस क्षेत्र में दो दिगगजों नेताओं ने भी परिवारों के साथ अपनी गृह पंचायतों में वोट डाले। हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने धर्मपत्नी रजनी कश्यप व बेटे विपुल कश्यप के साथ वीरवार को ग्राम पंचायत बजगा के गगल शिकोर मतदान केंद्र में पंचायतीराज चुनाव के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि पूर्व मंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने भी परिवार के साथ अपनी गृह पंचायत डिलमन के मतदान केंद्र में पंहुचकर मतदान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि वह सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें भी लोकतंत्र के इस पर्व में आहुति डालने का मौका मिला। सुरेश कश्यप ने कहा कि उनका जिला परिषद बागपशोग वार्ड है। इस पंचायती राज चुनावों में हिमाचल प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिल रहा है और पूरे हिमाचल में इस लहर का श्रय केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों और प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार की कुशल कार्यप्रणाली को जाता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 75 फीसदी से ज्यादा मत हिमाचल प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को दिया है। हिमाचल प्रदेश में भाजपा को सभी चुनाव में प्रचंड बहुमत मिल रहा है। जबकि कांग्रेस पार्टी केवल बयानबाजी तक सीमित रह गई है। वहीं, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि पच्छाद विस के चारों जिला परिषद वार्डों में कांग्रेस एक बार फिर अपना परचम लहरायेगी। साथ ही एक बार फिर जिला सिरमौर में जिला परिषद अध्यक्ष भी कांग्रेस का ही बनेगा। मुसाफिर ने कहा कि भाजपा के बागी, जो जिला परिषद का आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे है, उन्होंने कांग्रेस की राह को आसान बना दिया है।