देव भूमि हिमाचल खेल जगत में भी अपनी बड़ी भूमिका निभा सकता है। जरूरत यहां के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच और सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है। यह बात राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रदेश की पहली ओलिंपिक खेलों का स्थानीय खेल मैदान में शुभारंभ करते हुए कही। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा प्रदेश में पहली बार ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के 11 जिलों से करीब 1500 खिलाड़ी अगले चार दिनों तक विभिन्न खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आचार्य देवव्रत ने कहा कि हिमाचल के वीरों ने देश की सीमाओं पर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है और अब खेल जगत में भी वह अहम भूमिका निभा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर क्षेत्र में देश को आगे बढ़ा रहे हैं और अब खेलों में भी भारत किसी से पीछे नहीं रहना चाहिए। कोचों और खिलाड़ियों के लिए पूरी सुविधाएं जुटाने के लिए प्रयास करने होंगे।
खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान-सम्मान मिल रहा है। राज्यपाल ने कहा कि क्रिकेट में अनुराग ने अपना लोहा मनवाया है और अब अन्य खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए वह काम कर रहे हैं। खेल और राजनीति के क्षेत्र में अनुराग ने सफल प्रयास शुरू किए हैं। जिसमें वह सफल हो ऐसी कामना करते हैं। इससे पूर्व राज्यपाल ने खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ले कर खेलों का विधिवत रूप से शुभारंभ किया।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने ओलंपिक खेलों के लिए प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह द्वारा तैयार किया गया गाना भी स्टेज से लॉन्च किया। इस गाने के जरिए खिलाड़ियों में जोश भरने का एक प्रयास एसोसिएशन द्वारा किया गया था। इस मौके पर राजेश भंडारी विधायक विजय अग्निहोत्री, वीरेंद्र कंवर, बलदेव शर्मा, दीप कुमार बजाज, पंकज भारतीय, अजय शर्मा, अंकुश दत्त व अन्य लोग मौजूद थे।